Internattional
Hindu temple in America vandalized, objectionable slogans also written | वर्ल्ड अपडेट्स: पेंसिल्वेनिया में पार्किंग एरिया में छोटा प्लेन क्रैश, किसी के मरने की खबर नहीं
5 दिन पहले
- कॉपी लिंक

अमेरिका के पेंसिल्वेनिया में रविवार दोपहर एक पार्किंग एरिया में छोटा प्लेन क्रैश हुआ। इस घटना में किसी के मारे जाने की खबर नहीं है। घटना पेनसिल्वेनिया के लैंकेस्टर काउंटी के ब्रेथ्रेन विलेज में हुई। सुरक्षा अधिकारी के मुताबिक विमान में 5 लोग सवार थे। घटना में कई लोग घायल हुए हैं। वहीं, लोकल लोगों ने कहा कि उड़ान भरने के 30 सेकेंड बाद ही प्लेन क्रैश हो गया। प्लेन ने लैंकेस्टर हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी। FAA घटना की जाँच कर रहा है। पेंसिल्वेनिया गवर्नर जोश शापिरो ने कहाकि मामले में पुलिस एक्शन ले रही है।
अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी अन्य बड़ी खबरें…
अमेरिका में व्हाइट हाउस के बाहर सीक्रेट सर्विस ने बंदूकधारी शख्स को गोली मारी, इलाज जारी
अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने रविवार को व्हाइट हाउस के बाहर एक बंदूकधारी व्यक्ति को गोली मारी। इस वक्त राष्ट्रपति ट्रम्प व्हाइट हाउस में नहीं थे। वे वीकेंड मनाने के लिए फ्लोरिडा के अपने घर मार-ए-लागो गए हुए थे।
लोकल अथॉरिटीज ने सीक्रेट सर्विस को शनिवार को सूचना दी थी कि एक व्यक्ति इंडियाना से वॉशिंगटन की तरफ आ रहा है। वह सुसाइड करना चाहता है। सीक्रेट सर्विस को संदिग्ध की कार व्हाइट हाउस से कुछ दूरी पर मिली थी। उन्होंने संदिग्ध को वहां टहलते हुए भी देखा।
इसके बाद सीक्रेट सर्विस ने उस व्यक्ति से पूछताछ की। उस व्यक्ति ने अफसरों के सामने अपने हथियार लहराए। इसके बाद अफसरों ने उस पर फायरिंग की। उसे एक अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
न्यूयॉर्क के लॉन्ग आईलैंड में जंगलों में आग लगी, गवर्नर कैथी ने इमरजेंसी का ऐलान किया
न्यूयॉर्क के लॉन्ग आइलैंड में कई जंगल आग की चपेट में हैं। आग के चलते घना धुआं फैल गया है, जिससे एक नेशनल हाईवे बंद हो गया है और इलाके के एक मिलिट्री बेस को खाली कराया गया है। ये आग केमिकल फैक्ट्री और एक अमेजन वेयरहाउस तक पहुंचने का खतरा है। इसके चलते गवर्नर कैथी होचुल ने इमरजेंसी का ऐलान कर दिया है।
पाकिस्तान में अफगान कैंप की छत गिरी, 6 लड़कियों की मौत; चार लोग घायल
पाकिस्तान के कराची में अफगान कैंप की छत गिरने से 6 लड़कियों की मौत हो गई। सभी की उम्र 3 से 15 साल के बीच थी। हादसे में परिवार के 4 लोग घायल भी हुए। हादसा रविवार सुबह गुलशन-ए-मैमार जंजाल गोथ अफगान कैंप में हुआ। ये परिवार खैबर पख्तूनख्वा के बन्नू का रहने वाला था।
शनिवार को ही पाकिस्तान के गृह मंत्रालय ने पाकिस्तान में रह रहे अफगान सिटिजन कार्ड होल्डर्स को 31 मार्च तक देश छोड़कर जाने को कहा है। 1 अप्रैल से उन्हें वापस अफगानिस्तान भेजना शुरू कर दिया जाएगा।
थाईलैंड में छात्र अपनी पसंद से हेयरस्टाइल रख सकेंगे, कोर्ट ने 50 साल पुराने नियम को खत्म किया
थाईलैंड के छात्रों को अब अपनी पसंद से हेयरस्टाइल रखने का अधिकार मिल गया है। सुप्रीम एडमिनिस्ट्रेटिव कोर्ट ने शिक्षा मंत्रालय के हेयरस्टाइल से जुड़े नियम को खत्म कर दिया है। नियम को 1975 में लागू किया गया था।
इसके मुताबिक छात्रों को छोटे बाल रखने होते थे और दाढ़ी-मूंछ रखने की परमिशन नहीं थी। वहीं लड़कियों को कान से नीचे बाल बढ़ाने या मेकअप करने की अनुमति नहीं थी। 2020 में 23 छात्रों ने कोर्ट से इस नियम को खत्म करने की मांग की थी।
अमेरिका में हिंदू मंदिर में तोड़फोड़ हुई, आपत्तिजनक नारे भी लिखे
अमेरिका के कैलिफोर्निया में चिनो हिल्स में मौजूद एक BAPS हिंदू मंदिर में तोड़फोड़ की गई और उस पर आपत्तिजनक नारे लिखे गए। BAPS अमेरिका ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर घटना की जानकारी शेयर की।
अमेरिकी हिंदु संगठन CoHNA ने भी इस घटना की निंदा की और कहा कि घटना लॉस एंजेलिस में होने वाले कथित खालिस्तानी जनमत संग्रह से कुछ दिन पहले हुई।
पिछले साल भी अमेरिका में हिंदू मंदिरों में तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आई थीं। कैलिफोर्निया के सैक्रामेंटो में श्री स्वामीनारायण मंदिर में 25 सितंबर को इसी तरह की घटना हुई थी। पूरी खबर यहां पढ़ें…
भारत के भगोड़े ललित मोदी ने वानुआतु की नागरिकता ली, 2010 से इंग्लैंड में रह रहे
देश से फरार चल रहे आईपीएल के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी ने ओशिनिया के देश वानुआतु की नागरिकता ले ली है। विदेश मंत्रालय ने भी इसकी पुष्टि की है। ललित मोदी के वकील के मुताबिक उन्होंने भारतीय पासपोर्ट सरेंडर करने के लिए लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग में आवेदन किया है। ललित मोदी 2010 से इंग्लैंड में रह रहे हैं।
ललित मोदी 2005 से 2010 तक BCCI के वाइस प्रेसिडेंट रहे। उन्होंने IPL की शुरुआत की थी। वे 2008 से 2010 तक IPL के चेयरमैन और कमिश्नर रहे। 2010 में मुंबई और चेन्नई के बीच हुए फाइनल के बाद ललित को धांधली के आरोप में IPL कमिश्नर के पद से सस्पेंड कर दिया गया था। साथ ही उन्हें BCCI से भी सस्पेंड कर दिया गया था।
BCCI ने उन पर 253 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी का आरोप लगाया। तब श्रीनिवासन BCCI सेक्रेटरी थे। मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों के बाद 2010 में ललित देश से फरार हो गए थे।